धनबाद | झरिया किड्स गार्डन प्लस टू स्कूल के छात्र अनमोल कुमार ने JEE 2025 (Session-1) में 96.27 परसेंटाइल हासिल कर अपने स्कूल और जिले का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर शुक्रवार को विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अनमोल को पुष्पगुच्छ और मोमेंटो देकर सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
अपनी सफलता पर अनमोल कुमार ने कहा कि कड़ी मेहनत, एकाग्रता और परिवार का सहयोग ही उनकी सफलता की कुंजी है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने पिता पंकज कुमार (धनबाद सिविल कोर्ट में अधिवक्ता) और चाचा नीरज कुमार (धनबाद के पत्रकार) को दिया। साथ ही, उन्होंने अपने कोचिंग और स्कूल शिक्षकों के मार्गदर्शन को भी अहम बताया।
वर्तमान में अनमोल धनबाद के सरायढेला तपोवन कॉलोनी में रहकर आगे की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कहीं भी पढ़ाई में कठिनाई आए तो पेरेंट्स, टीचर्स और एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें।
अनमोल ने भावुक होते हुए कहा कि उनके दादा-दादी ही उनके सबसे बड़े प्रेरणास्रोत थे, लेकिन आज वे इस दुनिया में नहीं हैं। उन्होंने अपनी इस सफलता को उनके चरणों में समर्पित करते हुए उन्हें शत-शत नमन किया। अंत में अनमोल ने सभी छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि “भगवान पर भरोसा रखें और मेहनत करते रहें, सफलता निश्चित मिलेगी।”
विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों ने अनमोल की सफलता पर गर्व जताते हुए उन्हें भविष्य में और ऊंचाइयों तक पहुंचने की शुभकामनाएं दीं।

