रांची: झारखंड में गर्मी ने अब तेज़ रूप ले लिया है और तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 4 डिग्री ज्यादा है। राज्य के कई जिलों में भी पारा 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है।
सबसे ज्यादा गर्मी मेदिनीनगर में देखने को मिली, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा जमशेदपुर में 42.6 डिग्री, बोकारो में 42.2 डिग्री, देवघर में 41.1 डिग्री, कोडरमा में 40 डिग्री और पश्चिमी सिंहभूम में 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
अन्य जिलों की बात करें तो हजारीबाग में 39.7 डिग्री, गुमला में 39 डिग्री, लोहरदगा में 38.3 डिग्री, खूंटी में 37.2 डिग्री, सिमडेगा में 36 डिग्री और गोड्डा में 37.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश से थोड़ी राहत भी मिली है। सिमडेगा में लगभग 8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि खूंटी में भी कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक 21 और 22 अप्रैल को रांची, बोकारो और धनबाद समेत कई जिलों में लू चलने की संभावना है, जिसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
आने वाले तीन दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। 23 और 24 अप्रैल को तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं 25 अप्रैल से कुछ इलाकों में मौसम बदलने के संकेत दिए गए हैं।
इस बीच पड़ोसी बिहार में भी हीटवेव का असर दिखने लगा है, जहां तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने की चेतावनी जारी की गई है।