बंगाली कल्याण समिति के दुर्गा पूजा उद्घाटन समारोह में ‘महिषासुर मर्दिनी’ की भव्य प्रस्तुति

Share This News


नूपुर डांस एकेडमी के 60 विद्यार्थियों ने नृत्य-नाटिका से बांधा समां, भक्तिमय हुआ जिला परिषद मैदान
धनबाद: शहर की सामाजिक संस्था बंगाली कल्याण समिति की ओर से जिला परिषद मैदान में छह दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। स्थापना के आठवें वर्ष में प्रवेश कर रही समिति के पूजा महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन पंचमी के दिन मुख्य अतिथि समाजसेवी कुंभनाथ सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह का मुख्य आकर्षण झरिया-जामाडोबा स्थित नूपुर डांस एकेडमी के लगभग 60 विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ‘महिषासुर मर्दिनी’ नृत्य-नाटिका रही। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुति से पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा, कार्यक्रम की समाप्ति पर सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया.
नूपुर डांस एकेडमी की प्राचार्या सपना चक्रवर्ती ने बताया कि बंगाली कल्याण समिति के दुर्गा पूजा पंडाल के उद्घाटन समारोह में ‘महिषासुर मर्दिनी’ प्रस्तुत करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व की बात है। विद्यार्थियों ने लगभग दो महीने तक नियमित अभ्यास कर इस प्रस्तुति को तैयार किया था। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कला और भावपूर्ण नृत्य से मां दुर्गा की महिमा तथा महिषासुर पर उनकी विजय का संदेश दिया। उपस्थित लोगों ने प्रस्तुति की खूब सराहना की।
समिति की संस्कृतिक सचिव संगीता गांगुली ने बताया कि वर्ष 2019 से सक्रिय संस्था हर वर्ष भक्ति, परंपरा और संस्कृति के समन्वय के साथ दुर्गा पूजा का आयोजन करती आ रही है। छह दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में पूजा पंडाल, धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भोग वितरण श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण होंगे।
आयोजकों ने धनबाद एवं आसपास के श्रद्धालुओं, परिवारों और मित्रों से महोत्सव में शामिल होकर पूजा की खुशियों और सांस्कृतिक उत्सव का आनंद लेने की अपील की है।

Leave a comment