खुशियों की उड़ान और रोटी बैंक यूथ क्लब की संयुक्त पहल, नवजात बच्चियों को वस्त्र, मिठाइयां और चुनरी भेंट कर की उज्ज्वल भविष्य की कामना
धनबाद: नवरात्रि के पावन अवसर पर खुशियों की उड़ान एवं रोटी बैंक यूथ क्लब की ओर से निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल , धनबाद में 51 नवजात कन्याओं का पूजन कर उनके जन्म का उत्सव मनाया गया। इस पहल के माध्यम से संस्थाओं ने समाज को बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और समान अधिकारों का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान नवरात्रि के प्रथम दिन से पांच दिनों के भीतर जन्म लेने वाली 51 नवजात कन्याओं का पूजन एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर बच्चियों को वस्त्र और मिठाइयां भेंट की गईं। साथ ही उनके सिर पर चुनरी ओढ़ाकर स्नेहपूर्वक उनका स्वागत किया गया। उपस्थित सदस्यों ने बच्चियों के स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।
बेटियों के जन्म का उत्सव मनाने की पहल
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बेटियों के जन्म का स्वागत करना और उनके प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना था। संस्थाओं ने संदेश दिया कि बेटियां परिवार और समाज की अनमोल धरोहर हैं। उनके जन्म पर खुशियां मनाना, उन्हें सम्मान देना और जीवन में आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
संस्था की ओर से कहा गया कि नवरात्रि में मां दुर्गा की आराधना के साथ-साथ बेटियों का सम्मान करना भी सामाजिक जिम्मेदारी है। समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और समानता की भावना को मजबूत करने के लिए ऐसे प्रयास आवश्यक हैं।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में खुशियों की उड़ान एन जी ओ की अध्यक्ष सरिता सिंह, रोटी बैंक यूथ क्लब के अध्यक्ष रवि शेखर के अलावा निहारिका सिंह, मंजू पांडे, अंजलि, कल्याणी, सपना ओझा, अंजू, राधा और शिप्रा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल में भाग लेते हुए नवजात कन्याओं के प्रति स्नेह और आशीर्वाद व्यक्त किया।
कार्यक्रम के माध्यम से दोनों संस्थाओं ने समाज से बेटियों को प्यार, सुरक्षा, सम्मान और आगे बढ़ने के समान अवसर देने की अपील की। सरिता सिंह ने कहा बेटी है तो कल है, बेटी का सम्मान ही समाज का अभिमान है।