विश्व डाउन सिंड्रोम दिवस पर पहला कदम में जागरूकता रैली, चैती दुर्गा पूजा व ईद से गूंजा सौहार्द

Share This News

धनबाद :नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित जगजीवन नगर स्थित दिव्यांग बच्चों की विशेष स्कूल पहला कदम में शनिवार 21 मार्च को विश्व डाउन सिंड्रोम दिवस बड़े उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों एवं शिक्षकों द्वारा एक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसका उद्देश्य डाउन सिंड्रोम के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना और समावेशिता को प्रोत्साहित करना था।
रैली के दौरान आमतौर पर प्रचलित मिथकों को तोड़ने के साथ-साथ डाउन सिंड्रोम के लक्षणों, देखभाल और इससे जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। संस्था की सचिव अनिता अग्रवाल ने बताया कि इस प्रकार की पहल समाज को यह समझने में मदद करती है कि डाउन सिंड्रोम से ग्रसित लोग भी समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और वे अपनी क्षमता के अनुसार समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकते हैं।
इस अवसर पर चैती दुर्गा पूजा के पावन पर्व का विशेष उल्लेख किया गया। चैती दुर्गा पूजा भारतीय संस्कृति में शक्ति, भक्ति और नई शुरुआत का प्रतीक मानी जाती है। यह पर्व हमें सकारात्मक ऊर्जा, साहस और एकता का संदेश देता है। सभी लोगों को इस पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं माता रानी सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें तथा समाज में प्रेम और सौहार्द बना रहे।
साथ ही, ईद का पर्व भी आपसी भाईचारे और खुशियों के साथ मनाया गया। इस दौरान धनबाद के पुराना बाजार चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सोहराब खान और दिलीप सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को गुलाब के फूल भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया और सभी को ईद की मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा ईद का पर्व खुशियां बांटने का अवसर होता है और इसी भावना के साथ पहला कदम स्कूल में हर साल दिव्यांग बच्चों के साथ इस पर को मनाने के लिए आता हूं।
कार्यक्रम में उड़ान कैफे की भी अहम भूमिका रही, जहां बच्चों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया। यह कैफे दिव्यांगजनों द्वारा संचालित एक सराहनीय पहल है, जो आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत करता है।
अंत में सभी ने एक समावेशी, सशक्त और जागरूक समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

Leave a comment