धनबाद में पहली बार बना ‘2 इन 1’ पंडाल, उद्घाटन समारोह में जुटे गणमान्य लोग
धनबाद: श्री श्री दुर्गा पूजा समिति, न्यू स्टेशन की ओर से शुक्रवार को पूजा पंडाल एवं मां दुर्गा की प्रतिमा का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस वर्ष समिति ने श्रद्धालुओं को कुछ नया और अनूठा अनुभव देने के उद्देश्य से ‘2 इन 1’ थीम पर आधारित पंडाल का निर्माण कराया है। समिति के अनुसार, धनबाद में पहली बार इस तरह का पंडाल बनाया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
पंडाल की खासियत यह है कि इसके बाहरी हिस्से में आदिवासी कबीले की झलक देखने को मिलेगी, जबकि अंदरूनी हिस्से को गुपचुप की थीम पर तैयार किया गया है। दो अलग-अलग विषयों को एक ही पंडाल में समाहित कर समिति ने कुछ नया प्रस्तुत करने का प्रयास किया है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कुंभनाथ सिंह, श्रीराम सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व न्यू स्टेशन दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह और झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष मुकेश सिंह उपस्थित रहे। वहीं, मेले का उद्घाटन विकास रंजन सिंह ने किया।
इस अवसर पर कुम्भनाथ सिंह ने दुर्गा पूजा पर समस्त धनबाद वाशियों को बधाई दी। उदय प्रताप सिंह ने धनबादवाशियो से इस अद्भुत और दर्शनीय पंडाल का अवलोकन और यहां आकर मां के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया। साथ ही सुरक्षित एवं खुशहाल दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दी।समिति के महासचिव मुनेश्वर सिंह ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी पंडाल को थीम आधारित स्वरूप दिया गया है। समिति का प्रयास रहता है कि श्रद्धालुओं को हर साल कुछ नया देखने को मिले। इसी उद्देश्य से इस बार ‘2 इन 1’ पंडाल तैयार किया गया है, जिसमें बाहर आदिवासी कबीले और अंदर गुपचुप की अनूठी थीम देखने को मिलेगी।
उद्घाटन समारोह में समिति के सुदिस्ट सिंह, संगीत सिंह, अंशुमन सिंह, मधुकर, अंकित, नितेश, बिट्टू, प्रिंस, सौरव, हैप्पी, छोटू सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।