दुर्गापूजा की छुट्टियों में भी दिव्यांग बच्चों के भविष्य के लिए जुटी पहला कदम की टीम

Share This News

मैथन एलॉयज के सहयोग त्रिदिवसीय अभिभावक जागरूकता शिविर

धनबाद: दुर्गापूजा की छुट्टियों में जहां अधिकांश स्कूल बंद हैं, वहीं दिव्यांग बच्चों के बेहतर भविष्य की दिशा में नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित पहला कदम विशेष दिव्यांग स्कूल, जगजीवन नगर, सरायढेला की टीम लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। मैथन एलॉयज प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से आयोजित इस विशेष पहल के तहत टीम घर-घर पहुंचकर अभिभावकों को जागरूक कर रही है। अभियान के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में लगातार त्रिदिवसीय अभिभावक जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि कोई भी दिव्यांग बच्चा आवश्यक जानकारी, मार्गदर्शन और सहयोग से वंचित न रहे।
इसी क्रम में सुगियाडीह, धनबाद में अभिभावक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें अभिभावकों को बच्चों के विकास, प्रारंभिक हस्तक्षेप और दिव्यांगता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। साथ ही, बच्चों की जरूरतों को समझने और उनके समुचित विकास के लिए समय पर आवश्यक कदम उठाने के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
छह वर्ष तक की उम्र में प्रारंभिक पहचान पर जोर
शिविर में विशेष रूप से शून्य से छह वर्ष तक के बच्चों के विकास और प्रारंभिक हस्तक्षेप के महत्व पर जोर दिया गया। अभिभावकों को बताया गया कि बचपन में विकास संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान कर उचित मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराया जाए, तो बच्चों के विकास में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
अभिभावकों को बच्चों के विकास से जुड़े विभिन्न संकेतों की पहचान करने, घर पर उनके विकास में सहायक गतिविधियां अपनाने और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञों से परामर्श लेने के संबंध में जानकारी दी गई। इसके अलावा, समावेशी शिक्षा और दिव्यांगजनों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं के प्रति भी जागरूक किया गया।
विकास संबंधी संकेतों को नजरअंदाज नहीं करने की अपील
शिविर में अभिभावकों को समझाया गया कि यदि कोई बच्चा बोलने या चलने में देरी करता है, नाम पुकारने पर प्रतिक्रिया नहीं देता, आंखों से संपर्क बनाने में कठिनाई महसूस करता है अथवा उसे सुनने या देखने में परेशानी होती है, तो इन संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में समय रहते विशेषज्ञ से परामर्श लेना जरूरी है, ताकि बच्चे की जरूरतों के अनुरूप उचित सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा सके।
उद्देश्य—हर दिव्यांग बच्चे तक पहुंचे आवश्यक सहयोग
मैथन एलॉयज प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से पहला कदम की यह पहल दिव्यांग बच्चों और उनके परिवारों तक पहुंचने का सराहनीय प्रयास है। दुर्गापूजा की छुट्टियों में भी विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाने का उद्देश्य अभिभावकों को सही जानकारी उपलब्ध कराना और बच्चों के विकास के प्रति उन्हें जागरूक बनाना है।
पहला कदम विशेष दिव्यांग स्कूल का लक्ष्य दिव्यांग बच्चों को उचित शिक्षा, आवश्यक सहयोग और विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। साथ ही, बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने और अभिभावकों में दिव्यांगता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
मैथन एलॉयज प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग और पहला कदम की प्रतिबद्धता से आयोजित ये जागरूकता शिविर दिव्यांग बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। यह अभियान इस संदेश को मजबूत करता है कि दिव्यांग बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए जागरूकता, समय पर पहचान और सामूहिक सहयोग बेहद जरूरी है।

कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट

Leave a comment