13वें वर्ष आयोजित होगा सामूहिक विवाह समारोह, फॉर्म वितरण शुरू; दो जोड़ों के अभिभावकों ने लिया आवेदन फॉर्म
धनबाद: सामूहिक विवाह समिति की ओर से 17 जनवरी 2027 को धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में आयोजित होने वाले 13वें सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में शनिवार, 17 अक्टूबर को बेकारबांध स्थित पंडित डेकोरेटर में समिति के पदाधिकारियों ने विवाह के लिए आवेदन फॉर्म जारी किया। फॉर्म जारी होने के बाद दो जोड़ों के अभिभावकों ने विवाह के लिए आवेदन फॉर्म प्राप्त किया।
समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस बार समारोह में 101 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि विवाह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और इच्छुक परिवारों को आवेदन फॉर्म उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
चार स्थानों पर मिलेंगे आवेदन फॉर्म
समिति की ओर से आवेदन फॉर्म चार स्थानों पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनमें बेकारबांध स्थित पंडित डेकोरेटर और मनईटांड़ स्थित ब्यूटी डेकोरेटर शामिल हैं। इसके अलावा गोविंदपुर और चिरागोड़ा में भी आवेदन फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे।
विवाह के लिए उम्र संबंधी शर्त अनिवार्य
समिति ने स्पष्ट किया है कि सामूहिक विवाह में शामिल होने के लिए लड़की की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और लड़के की न्यूनतम आयु 21 वर्ष होना अनिवार्य है।
फॉर्म जारी करने के अवसर पर समिति के महासचिव भरत जी भगत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष द्वारिका प्रसाद तिवारी, सदस्य दिलीप कुमार सिंह, नीरज कुमार साहा, सुशील कुमार श्रीवास्तव, नवीन कुमार गुप्ता, राधेश्याम सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट