Breaking News

धनबाद भाजपा महानगर व ग्रामीण अध्यक्ष के नाम तय, आज औपचारिक चुनाव प्रक्रिया होगी संपन्न

Share This News

धनबाद (DHANBAD): झारखंड में भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक चुनाव अब निर्णायक चरण में पहुंच चुके हैं। इसी कड़ी में जिला स्तर पर अध्यक्ष पदों के लिए चुनावी प्रक्रिया गुरुवार से औपचारिक रूप से शुरू हो रही है। धनबाद महानगर और धनबाद ग्रामीण भाजपा इकाइयों के अध्यक्षों का चयन आज किया जाएगा।

पार्टी सूत्रों के अनुसार रायशुमारी और आंतरिक विमर्श के बाद दोनों पदों के लिए नाम लगभग तय हो चुके हैं और अब केवल औपचारिक चुनावी प्रक्रिया और घोषणा बाकी है। धनबाद जिला भाजपा कार्यालय में दोपहर के बाद चुनाव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार—

  • धनबाद महानगर अध्यक्ष पद का चुनाव: दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक
  • धनबाद ग्रामीण अध्यक्ष पद का चुनाव: दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक

इस अवसर पर झारखंड भाजपा के महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे और पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक महानगर अध्यक्ष पद के लिए मौजूदा अध्यक्ष श्रवण राय के नाम पर प्रदेश नेतृत्व ने दोबारा भरोसा जताया है। वहीं ग्रामीण इकाई में नेतृत्व परिवर्तन करते हुए वर्तमान अध्यक्ष घनश्याम ग्रोवर के स्थान पर मोहन कुंभकार को जिम्मेदारी सौंपे जाने की तैयारी है।

महानगर अध्यक्ष चुनाव की देखरेख पूर्व विधायक राज पालीवाल, पूर्व सांसद सुनील सोरेन और योगेंद्र सिंह करेंगे। जबकि ग्रामीण अध्यक्ष के चुनाव में बालमुकुंद सहाय और विनय जायसवाल बतौर प्रभारी मौजूद रहेंगे।

भाजपा के जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों की मौजूदगी में नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद अध्यक्ष पदों के नामों की औपचारिक घोषणा की जाएगी। इसके साथ ही जिलाध्यक्ष और पांच प्रदेश परिषद सदस्यों के नामों की घोषणा शुक्रवार को किए जाने की संभावना है।

Leave a comment