खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स: एथलेटिक्स, फुटबॉल समेत 7 खेलों के लिए आदिवासी खिलाड़ियों का चयन 9 जनवरी को रांची में

Share This News

धनबाद (DHANBAD): केंद्र सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय की ओर से खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के पहले संस्करण का आयोजन फरवरी 2026 में प्रस्तावित है। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए झारखंड खेल प्राधिकरण (JSA), रांची द्वारा राज्य के पात्र पुरुष एवं महिला आदिवासी खिलाड़ियों के चयन हेतु ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं।

यह चयन प्रक्रिया 9 जनवरी को सुबह 7 बजे रांची के विभिन्न खेल परिसरों में संपन्न होगी। अलग-अलग खेलों के लिए ट्रायल स्थल इस प्रकार निर्धारित किए गए हैं—

  • एथलेटिक्स एवं फुटबॉल: बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी
  • हॉकी: आवासीय बालिका हॉकी प्रशिक्षण केंद्र (एस्ट्रो टर्फ), बरियातू
  • तैराकी: वीर बुद्धू भगत एक्वेटिक स्टेडियम, खेल गांव, होटवार
  • तीरंदाजी: ऑक्सीजन पार्क मैदान, मोराबादी
  • भारोत्तोलन: बेटलिफ्टिंग हॉल, बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम, टावर नंबर–2, खेल गांव, होटवार
  • कुश्ती: गणपत राय इंडोर स्टेडियम, खेल गांव, होटवार

पात्रता व दिशा-निर्देश

चयन ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का झारखंड राज्य का स्थायी निवासी होना तथा अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंधित होना अनिवार्य है। खिलाड़ियों को अपने साथ वैध पहचान पत्र, राज्य सरकार द्वारा जारी आवासीय प्रमाण पत्र और अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र की मूल प्रति के साथ उसकी छायाप्रति लाना होगा। आवश्यकता पड़ने पर निर्धारित प्रपत्र में स्वहस्ताक्षरित प्रतियां जमा करनी होंगी।

यह चयन प्रक्रिया ओपन एज कैटेगरी के आधार पर आयोजित की जाएगी। सभी आवेदक खिलाड़ी जन्मतिथि प्रमाण के रूप में मैट्रिक अथवा जन्म प्रमाण पत्र साथ लाना सुनिश्चित करेंगे। चयन स्थल पर खिलाड़ियों को चयनकर्ताओं के निर्देशों का पालन करना होगा तथा अपने खेल से संबंधित आवश्यक किट व पोशाक में उपस्थित होना अनिवार्य होगा।

स्पष्ट किया गया है कि इस चयन प्रक्रिया में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता अथवा अन्य भत्ता देय नहीं होगा।

Leave a comment