पाकुड़ (PAKUR): पाकुड़ पुलिस की पहल ‘प्रोजेक्ट डिवाइस’ मोबाइल फोन खो चुके या चोरी का शिकार हुए लोगों के लिए राहत बनकर सामने आई है। इस अभियान के जरिए पुलिस ने कई मोबाइल धारकों को उनके गुम हुए फोन वापस दिलाकर चेहरे पर खुशी लौटा दी।
एसपी कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने पांच लोगों को उनके बरामद किए गए मोबाइल फोन सौंपे। इनमें रफीकुल शेख, सनित कुमार डे, दिनेश प्रमाणिक, मैनक भट्टाचार्य और कामेश साहा शामिल हैं।
इस अवसर पर एसपी निधि द्विवेदी ने बताया कि जिले में गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रोजेक्ट डिवाइस की शुरुआत की गई है। उन्होंने जानकारी दी कि नए वर्ष के पहले सप्ताह में ही पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र से पांच मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए गए हैं।
एसपी ने कहा कि भविष्य में इस अभियान को जिले के सभी थाना क्षेत्रों तक विस्तार दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके असली धारकों को सौंपा जा सके।