Breaking News

“शब्द कीर्तन के साथ सिंदरी गुरुद्वारा साहिब से निकली छठी प्रभात फेरी”

Share This News

धनबाद (सिंदरी): गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाशोत्सव के मौके पर सिंदरी गुरुद्वारा साहिब में जारी प्रभात फेरियों का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। इस अवसर पर छठी प्रभात फेरी सुबह 5 बजे गुरुद्वारा परिसर से शुरू हुई, जिसकी अगुवाई निशान साहिब सेवा संभाल रहे सरदार नरेंद्र सिंह ने की। प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में सिख समुदाय के श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जो ढोलकी और झांझ की संगत में गुरु नानक देव जी की वाणी को शब्द-कीर्तन के रूप में गाते हुए नगर के विविध मार्गों से होते हुए आगे बढ़े।

यह धार्मिक यात्रा गुरुद्वारा परिसर में स्थित सरदार मंजीत सिंह उप्पल के आवास पर पहुँची, जहाँ परिवार की ओर से आतिशबाजी कर प्रभात फेरी का स्वागत किया गया। पारंपरिक रीति के अनुसार निशान साहिब को फूलमालाओं से अलंकृत किया गया तथा सरदार नरेंद्र सिंह का चरण-धोकर आदर सत्कार किया गया।

गुरुद्वारा महिला सत्संग सभा की ओर से “धन गुरु नानक प्यारे” और “कौन जाने गुण सद्गुरु तेरे” जैसे कीर्तन शब्दों के साथ गुरबाणी का गायन किया गया। इसके पश्चात गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी सरदार बलवीर सिंह ने अरदास की और उपस्थित श्रद्धालुओं को गुरु का प्रसाद व जलपान वितरित किया गया।

प्रभात फेरी का समापन तब हुआ जब परिवार के सदस्यों ने गुरु ग्रंथ साहिब के पवित्र स्वरूप का चौर साहिब से सत्कार करते हुए उसे विधिवत सुख आसन पर स्थापित किया।

कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रधान जसप्रीत सिंह रैनो, मनजीत सिंह उप्पल, डॉ. स्मृति नागी, प्रेम सिंह, हरदीप सिंह, सुरेंद्र पाल सिंह, जगदीश्वर सिंह, हरपाल सिंह, लखजीत सिंह, बलबीर सिंह नागी, इंद्रजीत सिंह, हरविंदर सिंह, विंकी उप्पल, गुरचरण सिंह, सतविंदर सिंह, जसपाल कौर, मनजीत कौर, दविंदर कौर, सुरेंद्र कौर, हरभजन कौर, प्रीत कौर, प्रीति कौर, सर्वजीत कौर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

Leave a comment