रांची/धनबाद | रांची के कांके ब्लॉक स्थित पिठौरिया थाना क्षेत्र के निवासी और समाजसेवी रणविजय सहदेव के अपहरण की सनसनीखेज घटना शुक्रवार को सामने आई। अज्ञात अपराधियों ने उन्हें नशीली चीज खिलाकर बेहोश कर दिया और जबरन वाहन में डालकर पहाड़ी इलाके की ओर ले गए। लेकिन उनकी हिम्मत और सूझबूझ के चलते वह अपनी जान बचाने में सफल रहे।
सूत्रों के अनुसार, अपराधियों ने रणविजय को नशीली दवा देने के बाद अगवा कर लिया। जब उन्हें होश आया, तो उन्होंने खुद को रस्सियों से बंधा पाया। लेकिन मौका देखकर उन्होंने रस्सियों में बंधे हाथों के बावजूद भागने की कोशिश की और किसी तरह धनबाद जीआरपी थाना पहुंच गए। वहां उन्होंने पुलिस को पूरी घटना बताई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए SNMMCH अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बलियापुर अंचलाधिकारी ने बताया कि रणविजय को भारी मात्रा में नशीली दवा दी गई थी, जिससे वह अभी पूरी तरह होश में नहीं आए हैं। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं—रणविजय सहदेव को क्यों निशाना बनाया गया? क्या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है? पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी।