धनबाद: रणधीर वर्मा चौक पर पुलिस और ऑटो चालक में तीखी बहस, माहौल हुआ गर्म

Share This News

धनबाद: रणधीर वर्मा चौक के पास गुरुवार को एक ऑटो चालक और पुलिस जवान के बीच तीखी बहस हो गई। मामला अवैध रूप से सड़क किनारे ऑटो खड़ा कर सवारी बैठाने और उतारने को लेकर शुरू हुआ। बहस इतनी बढ़ गई कि माहौल गरमा गया, हालांकि स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला।

ऑटो चालक का आरोप है कि वह परीक्षा देने जा रहे विद्यार्थियों को ले जा रहा था, तभी पुलिस जवान ने उसे रोका और उसके साथ धक्का-मुक्की कर मारपीट की। वहीं, मौके पर तैनात पुलिस जवान पिंकू महतो ने मारपीट के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि ऑटो चालक सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़ा कर रहा था।

जब उसे आगे बढ़ने के लिए कहा गया तो उसने बहस शुरू कर दी।गौरतलब है कि रणधीर वर्मा चौक के आसपास ट्रैफिक नियमों की अनदेखी आम हो गई है। कई वाहन चालक सड़कों पर अवैध रूप से गाड़ियां खड़ी कर देते हैं, जिससे जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर कार्रवाई की जाती है, लेकिन वाहन चालकों की मनमानी रुकने का नाम नहीं ले रही।

घटना के बाद कुछ देर तक इलाके में तनाव का माहौल बना रहा, लेकिन स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया और ऑटो चालक वहां से चला गया।

Leave a comment