अपर्णा पब्लिक स्कूल के जूनियर विंग में जन्माष्टमी की धूम, मनमोहक परिधानों में दिखे बाल गोपाल
धनबाद:जन्माष्टमी के पावन अवसर पर गुरुवार को अपर्णा पब्लिक स्कूल के जूनियर विंग में भक्ति और उल्लास का अद्भुत नजारा देखने को मिला। नन्हे-मुन्ने बच्चे भगवान श्रीकृष्ण और राधा का रूप धारण कर स्कूल पहुंचे तो पूरा वातावरण बाल कृष्ण की मनमोहक छवि से खिल उठा। रंग-बिरंगे और आकर्षक पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चों ने अपनी मासूम अदाओं और मनमोहक रूप से सभी का दिल जीत लिया।
किसी के सिर पर मोर मुकुट सजा था तो कोई बांसुरी थामे बाल गोपाल के रूप में नजर आया। नन्हीं बच्चियां राधा के रूप में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। बच्चों की मनमोहक वेशभूषा और कृष्ण-राधा के रूप ने जन्माष्टमी के उत्सव को और भी खास बना दिया।
विद्यालय परिसर में बच्चों की इन मनमोहक झलकियों को देखने के लिए शिक्षकों और अभिभावकों में भी खासा उत्साह रहा। नन्हे कलाकारों ने अपनी मासूमियत से ऐसा समां बांधा कि हर किसी के चेहरे पर मुस्कान आ गई। जन्माष्टमी के इस मौके पर स्कूल की डायरेक्टर करुणेश कौशल एवं इनर व्हील क्लब ऑफ़ धनबाद माइलस्टोन की उपाध्यक्ष रेनू कौशल ने कहा कि इस आयोजन ने बच्चों को भारतीय संस्कृति और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं आदर्शों से जुड़ने का सुंदर अवसर भी प्रदान किया।