मैथन एलॉयज लिमिटेड के सहयोग से पहला कदम में त्रिदिवसीय अभिभावक जागरूकता अभियान दूसरे दिन भी जारी

Share This News

धनबाद: दुर्गापूजा की छुट्टियों में भी दिव्यांग बच्चों के बेहतर भविष्य की दिशा में सेवा और जागरूकता का अभियान जारी है। मैथन एलॉयज लिमिटेड के सहयोग से नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित पहला कदम विशेष दिव्यांग स्कूल, जगजीवन नगर, सरायढेला की ओर से आयोजित त्रिदिवसीय अभिभावक जागरूकता अभियान दूसरे दिन भी उत्साहपूर्वक जारी रहा। इस पहल के तहत टीम घर-घर पहुंचकर अभिभावकों को दिव्यांगता, बच्चों के समुचित विकास और प्रारंभिक हस्तक्षेप के महत्व के प्रति जागरूक कर रही है।
अभियान के दूसरे दिन अभिभावकों को बच्चों में विकास संबंधी समस्याओं के शुरुआती संकेतों की पहचान, समय पर विशेषज्ञों से परामर्श लेने, घर पर विकास में सहायक गतिविधियां अपनाने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। टीम ने विशेष रूप से शून्य से छह वर्ष तक की आयु के बच्चों में विकास संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान और प्रारंभिक हस्तक्षेप की आवश्यकता पर जोर दिया।
अभिभावकों को बताया गया कि बच्चों में विकास संबंधी समस्याओं की पहचान जितनी जल्दी होगी, उनके लिए उचित मार्गदर्शन, शिक्षा और आवश्यक सहयोग की व्यवस्था करना उतना ही आसान होगा। समय पर विशेषज्ञों की सलाह और परिवार के सहयोग से बच्चों के विकास को बेहतर दिशा देने में मदद मिल सकती है।
मैथन एलॉयज लिमिटेड के सहयोग से संचालित यह अभियान इस उद्देश्य के साथ चलाया जा रहा है कि जानकारी के अभाव में कोई भी दिव्यांग बच्चा आवश्यक शिक्षा, मार्गदर्शन और सहयोग से वंचित न रहे। पहला कदम का प्रयास दिव्यांग बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना, उनकी क्षमताओं को विकसित करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध कराना है।
दुर्गापूजा की छुट्टियों के दौरान भी जारी यह पहल सामाजिक जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और सेवा भावना का प्रेरक उदाहरण है। अभियान के माध्यम से न केवल अभिभावकों को जागरूक किया जा रहा है, बल्कि दिव्यांग बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समय पर उचित कदम उठाने का संदेश भी दिया जा रहा है।

Leave a comment