बीआईटी सिंदरी के नवप्रवेशित छात्रों को उद्योग की हकीकत और सामाजिक सरोकार का पाठ

Share This News

इंडक्शन-ओरिएंटेशन कार्यक्रम का चौथा दिन संपन्न, बीसीसीएल के देव कुमार वर्मा ने साझा किए संघर्ष और सफलता के अनुभव

सिंदरी: बीआईटी सिंदरी में सत्र 2026-30 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए चल रहे स्टूडेंट इंडक्शन कम ओरिएंटेशन प्रोग्राम के चौथे दिन विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ उद्योग जगत की व्यावहारिक चुनौतियों, पेशेवर कौशल और सामाजिक उत्तरदायित्व से रूबरू कराया गया। कार्यक्रम में बीसीसीएल मुख्यालय, सीआईएल धनबाद के हेड-सेल्स देव कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों के साथ अपने कार्यक्षेत्र और जीवन संघर्ष के अनुभव साझा करते हुए उन्हें निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
मुख्य वक्ता देव कुमार वर्मा ने कोयला क्षेत्रों की कठिन कार्य-परिस्थितियों और अपने जीवन की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि धैर्य, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास के बल पर कठिन से कठिन परिस्थितियों को अवसर में बदला जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने शुरुआती शैक्षणिक वर्षों का बेहतर उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग शिक्षा के दौरान केवल तकनीकी ज्ञान हासिल करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को व्यावहारिक समझ, संवाद क्षमता और पेशेवर कौशल भी विकसित करना चाहिए।
वर्मा ने वर्ष 2015 में शुरू की गई अपनी सामाजिक पहल ‘पाठशाला’ के माध्यम से वंचित बच्चों की शिक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि व्यक्तिगत सफलता के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को भी समझें और अपनी क्षमता का उपयोग जरूरतमंदों की मदद के लिए करें।
क्लब गतिविधियों से कराया परिचित
कार्यक्रम के अगले सत्र में एच एन सी सी क्लब की ओर से नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए विशेष परिचयात्मक सत्र आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को संस्थान में संचालित विभिन्न क्लबों, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और सहभागिता के अवसरों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और प्रतिभा के अनुरूप रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया गया।
क्लब गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता और संस्थान के प्रति जुड़ाव विकसित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रो. डॉ. आर.के. वर्मा, चेयरमैन, इंडक्शन प्रोग्राम तथा प्रो. डॉ. राहुल कुमार, कन्वेनर, इंडक्शन प्रोग्राम के मार्गदर्शन में हुआ। आयोजन के समन्वय में श्री संजय पाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रो. विजय कुमार बेसरा, डॉ. सोमनाथ साहा, प्रो. जितेंद्र कुमार, डॉ. उस्निस बनर्जी, डॉ. प्रियंका कुमारी, डॉ. कोमल कुमारी, डॉ. शबनम स्वाती मिज़, प्रो. प्रशांत रंजन मालवीय एवं डॉ. निरुपमा का विशेष सहयोग रहा।

Leave a comment