धनबाद: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) U धनबाद महानगर अध्यक्ष जेपी वालिया ने धनबाद निबंधन कार्यालय में व्यापक भ्रष्टाचार और घोटालों की शिकायत करते हुए सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने उपायुक्त के माध्यम से राज्य के निबंधन मंत्री को लिखित शिकायत पत्र सौंपा, जिसमें अवर निबंधक द्वारा दलालों के माध्यम से अवैध वसूली करने का आरोप लगाया गया है।
वालिया ने आरोप लगाया कि सरकारी भूमि को रैयती भूमि बताकर निबंधन किया जा रहा है, जिससे भू-माफियाओं और दलालों की चांदी कट रही है। उनका कहना है कि कंप्यूटर ऑपरेटरों की इसमें अहम भूमिका है और निबंधन कार्यालय के आसपास बांग्लादेशी नागरिकों का जमावड़ा भी देखा जाता है।
वालिया ने यह भी कहा कि अवर निबंधक रामेश्वर प्रसाद सिंह के कार्यालय में बैठते ही भू-माफियाओं और दलालों की भीड़ लग जाती है, जो यह दर्शाता है कि कार्यालय में अवैध कार्य हो रहे हैं। उन्होंने पहले भी उपायुक्त से इस भ्रष्टाचार की जांच की मांग की थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
जेपी वालिया ने आरोप लगाया कि निबंधन कार्यालय में एक डीड पर तय कमीशन लिया जाता है, और यदि कोई इसका विरोध करता है तो उसे कार्यालय में बुलाकर धमकाया जाता है। इसके अलावा, कार्यालय के गेट पर बैठा एक चपरासी खुलेआम अवैध वसूली करता है और राशि निबंधन पदाधिकारी तक पहुंचाता है।
जेपी वालिया ने इस पूरे भ्रष्टाचार की CBI जांच कराने की मांग की है और कहा है कि यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो आम जनता का शोषण जारी रहेगा।अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस घोटाले पर कोई कार्रवाई करेगा या फिर भ्रष्टाचार का यह खेल यूं ही चलता रहेगा?