धनबाद के भूली बस्ती मोड़ पर पुलिस वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक के साथ दो आरोपी गिरफ्तार किए गए। भूली थाना प्रभारी अभिनव कुमार ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर संध्या गश्ती दल द्वारा वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था।
जांच के दौरान झारखंड मोड़ के पास दो संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगे। गश्ती दल ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। जांच में बिना नंबर प्लेट वाली हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद हुई। पूछताछ में फरीद खान और उसके साथी ने कबूल किया कि यह बाइक उन्होंने करीब डेढ़ महीने पहले मेमको मोड़ से चोरी की थी और इसका नंबर प्लेट हटाकर निजी उपयोग कर रहे थे।
आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने सरायढेला से एक ग्लैमर बाइक और पांडेरपाला काली मंदिर के पास से एक स्कूटी भी चोरी की थी। पुलिस ने इन चोरी की गई गाड़ियों को बरामद कर लिया है।गिरफ्तार दोनों आरोपियों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।