धनबाद :नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित जगजीवन नगर स्थित विशेष दिव्यांग स्कूल पहला कदम में आज दिनांक 1 जुलाई 2026 दिन बुधवार को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर दिव्यांग बच्चों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया गया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. विनीता अग्रवाल ने स्कूल पहुंचकर सभी बच्चों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में दिव्यांग बच्चों को पूरी तरह निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। बच्चों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। साथ ही अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं नियमित देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल की ओर से मुख्य अतिथि डॉक्टर विनीता अग्रवाल को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। उनके समाज सेवा, मानवता और चिकित्सा क्षेत्र में दिए जा रहे अमूल्य योगदान की सराहना की। डॉक्टर समाज के सच्चे सेवक हैं, जो लोगों को स्वस्थ जीवन देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
इस अवसर पर स्कूल की सचिव अनीता अग्रवाल ने कहा, “दिव्यांग बच्चों का बेहतर स्वास्थ्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमारा प्रयास है कि कोई भी बच्चा स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर आयोजित यह निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर डॉक्टरों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ बच्चों और उनके अभिभावकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का भी एक महत्वपूर्ण प्रयास है। भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।”
दिव्यांग बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर चिकित्सकों के अमूल्य योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करना था।