बेकाबू ट्रक ने 20 किलोमीटर तक मचाया कहर, बाइक और मवेशियों को रौंदते हुए भागा

Share This News

बलियापुर से कालियासोल तक ट्रक की चपेट में आने से कई बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं, वहीं दो से तीन मवेशियों के भी रौंदे जाने की सूचना है।

इस दौरान एक बाइक सवार को भी ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कई थानों की पुलिस को ट्रक का पीछा कर स्थिति नियंत्रित करने के लिए सड़क पर उतरना पड़ा।

पुलिस के अनुसार, ट्रक बलियापुर की ओर से कालू बथान ओपी क्षेत्र के पिंडराहट होते हुए कालियासोल की तरफ जा रहा था। पिंडराहट के पास मुख्य सड़क पर ट्रक ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी।

हादसे के बाद चालक ने ट्रक रोकने के बजाय उसे लेकर भागना शुरू कर दिया। भागने के दौरान रास्ते में कई अन्य बाइक और मवेशी भी ट्रक की चपेट में आ गए।

लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। भागता हुआ ट्रक कालियासोल मोड़ से निरसा की ओर मुड़ा, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसका पीछा किया।

आखिरकार निरसा थाना क्षेत्र के फटका पुल के पास ग्रामीणों ने ट्रक को घेर लिया। ट्रक के रुकते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और आक्रोशित भीड़ ने चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही निरसा पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई गौरव कुमार तिवारी और सपा जिलाध्यक्ष विजय कुमार यादव ने भीड़ के बीच से चालक को बाहर निकाला और उसकी जान बचाई।

इसके बाद निरसा थाना प्रभारी अजीत भारती और एसडीपीओ लीलेश्वर महतो कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और घायल चालक को इलाज के लिए धनबाद भेजा।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर निरसा थाना पहुंचा दिया है। घायल चालक का धनबाद में इलाज कराया जा रहा है। वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे में क्षतिग्रस्त वाहनों तथा घायल लोगों से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद निरसा विधायक अरूप चटर्जी भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए स्थिति का जायजा लिया।

करीब 20 किलोमीटर तक चले इस घटनाक्रम के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

कुसुम न्यूज़ से सुंदर कुमार की खबर

Leave a comment