नमस्कार, स्वागत है आप सभी का कुसुम न्यूज़ में।
कोल इंडिया और उसकी अनुषंगी कंपनियों में काम करने वाले गैर-कार्यकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। वर्ष 2026 के प्रदर्शन आधारित पुरस्कार यानी PLR के रूप में कर्मचारियों को 1 लाख 10 हजार 250 रुपये देने पर प्रबंधन और श्रमिक संगठनों के बीच सहमति बन गई है।
खास बात यह है कि इस बोनस का भुगतान दुर्गापूजा से पहले, 15 अक्टूबर तक कर्मचारियों के बैंक खातों में किए जाने की तैयारी है।
इस फैसले का लाभ कोल इंडिया की विभिन्न अनुषंगी कंपनियों में कार्यरत करीब 2 लाख 1 हजार कर्मचारियों को मिलेगा। इनमें बीसीसीएल, सीसीएल, ईसीएल समेत अन्य अनुषंगी कंपनियों के पात्र कर्मचारी शामिल हैं। अकेले बीसीसीएल के करीब 31 हजार कर्मचारियों को इसका लाभ मिलने की बात कही जा रही है।
तय राशि के आधार पर कर्मचारियों को बोनस देने में कुल करीब 2 हजार 216 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
वहीं, इस साल के PLR में पिछले वर्ष के मुकाबले 7 हजार 250 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। वर्ष 2025 में कर्मचारियों को 1 लाख 3 हजार रुपये PLR मिला था, जबकि वर्ष 2024 में यह राशि 93 हजार 750 रुपये थी।
बोनस की राशि तय करने को लेकर कोल इंडिया मुख्यालय में प्रबंधन और श्रमिक संगठनों के बीच कई घंटे तक बातचीत चली। इसके बाद 1 लाख 10 हजार 250 रुपये की राशि पर अंतिम सहमति बनी।
दुर्गापूजा से ठीक पहले कर्मचारियों को मिलने वाला यह बोनस उनके लिए बड़ी राहत और खुशी लेकर आएगा। साथ ही, झारखंड के कोयला क्षेत्रों में त्योहारी खरीदारी बढ़ने से स्थानीय बाजारों में भी रौनक बढ़ने की उम्मीद है।
कोल इंडिया कर्मचारियों के लिए यह फैसला निश्चित तौर पर त्योहारी सीजन में बड़ी सौगात माना जा रहा है।
कुसुम न्यूज़ से सुंदर कुमार की खबर