नमस्कार, स्वागत है आप सभी का कुसुम न्यूज़ में।
दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और सड़कों पर वाहनों के दबाव को देखते हुए धनबाद पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की तैयारी तेज कर दी है। पूजा के दौरान लोगों को जाम से राहत मिले और श्रद्धालु आसानी से पूजा पंडालों तक पहुंच सकें, इसके लिए पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया।
एसएसपी के निर्देश पर ट्रैफिक डीएसपी रोहित साव के नेतृत्व में शुक्रवार को पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और पूजा पंडालों के आसपास की यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान संभावित जाम वाले स्थानों को चिह्नित किया गया। साथ ही, भीड़ और वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए ट्रैफिक रूट प्लान, डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों के इस्तेमाल को लेकर रणनीति बनाई जा रही है।
पुलिस टीम ने स्टील गेट, कोर्ट रोड, सिटी सेंटर, श्रमिक चौक, बैंक मोड़, मटकुरिया, धनसार, जोड़ाफाटक, मनईटांड़, टिकियापाड़ा, रेलवे सिनेमा रोड, पुराना स्टेशन, बरमसिया, झारखंड मैदान, हीरापुर, डीएस कॉलोनी, हिल कॉलोनी और हटिया मोड़ समेत कई इलाकों का निरीक्षण किया।
ट्रैफिक डीएसपी रोहित साव के अनुसार, दुर्गापूजा के दौरान प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। जरूरत पड़ने पर वाहनों के रूट में बदलाव किया जाएगा और वैकल्पिक रास्तों से यातायात संचालित कराया जाएगा।
इसके अलावा, सड़क किनारे होने वाली अनावश्यक पार्किंग पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि यातायात बाधित न हो और लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक थाना प्रभारी जय प्रकाश, सार्जेंट राकेश दुबे समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे।
कुल मिलाकर, दुर्गापूजा के दौरान धनबाद शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और श्रद्धालुओं को जाम से राहत दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
कुसुम न्यूज़ से सुंदर कुमार की खबर