नमस्कार, स्वागत है आप सभी का कुसुम न्यूज़ में।
विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR-2026 को लेकर पाकुड़ जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को समय पर पूरा करने के उद्देश्य से पाकुड़ समाहरणालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने की। इसमें जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ सुपरवाइजर, उप निर्वाचन पदाधिकारी और संबंधित निर्वाचन कर्मी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान SIR कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्वाचन से जुड़ी प्रक्रियाएं पूरी करने का निर्देश दिया।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि 10 अक्टूबर से Form-6 के डिजिटाइजेशन के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इसके लिए सभी बीएलओ सुपरवाइजर अपने-अपने क्षेत्रों में बीएलओ के माध्यम से निर्धारित लक्ष्य के अनुसार Form-6 का संकलन सुनिश्चित करेंगे।
वहीं, 12 अक्टूबर से बीएलओ घर-घर जाकर नोटिस प्राप्त मतदाताओं के दस्तावेजों का संकलन और सत्यापन करेंगे। उपायुक्त ने विशेष रूप से ASDD मतदाताओं का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सभी संबंधित कर्मियों को पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और गंभीरता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने को कहा।
इसके अलावा, बीएलओ सुपरवाइजरों को अपने-अपने क्षेत्रों में सभी योग्य मतदाताओं से Form-6 भरवाए जाने की पुष्टि करने और इससे संबंधित प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया।
जिला प्रशासन का जोर है कि SIR-2026 की प्रक्रिया व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से पूरी हो, ताकि योग्य मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया में कोई लापरवाही न हो।
कुसुम न्यूज़ से सुंदर कुमार की खबर