धनबाद में एक्सक्लूसिव हैंडलूम एक्सपो का शुभारंभ, उपायुक्त ने कहा- बुनकरों के लिए सुनहरा अवसर

Share This News

धनबाद, 8 फरवरी 2025 – धनबाद के बेकारबांध स्थित ब्लेसिंग्स बैंक्विट हॉल में शनिवार को एक्सक्लूसिव हैंडलूम एक्सपो का शुभारंभ हुआ। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी माधवी मिश्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में एक्सपो का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह एक्सपो बुनकरों को अपनी कला और शिल्प को प्रदर्शित करने का बेहतरीन प्लेटफार्म प्रदान करता है और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक कारगर कदम है।

बुनकर सेवा केंद्र के उपनिदेशक मनोज कुमार ने बताया कि एक्सपो में 40 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें 20 स्टॉल बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, मणिपुर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा सहित अन्य राज्यों के बुनकरों के हैं। यह एक्सपो 21 फरवरी तक प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से रात 8:00 बजे तक ग्राहकों के लिए खुला रहेगा।

एक्सपो में आने वाले ग्राहकों को हैंडलूम की बुनाई, छपाई सहित पूरी प्रक्रिया लाइव दिखाई जाएगी। महिलाओं के लिए कॉटन और सिल्क की साड़ियां, दुपट्टा, स्टोल सहित अन्य वस्त्र तथा पुरुषों के लिए ड्रेस मटेरियल उपलब्ध रहेगा। सभी प्रोडक्ट बुनकरों द्वारा सीधे ग्राहकों को बेचे जा रहे हैं, जिससे कीमतें बाजार दर से कम रहेंगी।

उद्घाटन के दौरान उपायुक्त माधवी मिश्रा ने हैंडलूम से वस्त्र निर्माण की पूरी प्रक्रिया को नजदीक से देखा और समझा। उन्होंने झारखंड के बुनकरों को अन्य राज्यों के बुनकरों से सीखने और अपने कौशल को निखारने की सलाह दी।इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हृदीप पी जनार्दनन, नगर आयुक्त रवि राज शर्मा, तकनीकी अधीक्षक पूरनमल सैनी, डिजाइनर शशांक अभिनव सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a comment