धनबाद में 8 से 21 फरवरी तक एक्सक्लूसिव हैंडलूम एक्सपो, देशभर के बुनकरों के उत्पाद होंगे प्रदर्शित

Share This News

धनबाद के बेकारबांध स्थित ब्लेसिंग्स बैंक्विट हॉल में 8 फरवरी से 21 फरवरी तक एक्सक्लूसिव हैंडलूम एक्सपो का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्घाटन डीसी माधवी मिश्रा, एसएसपी हृदीप पी जनार्दनन और नगर आयुक्त रवि राज शर्मा शनिवार शाम 4 बजे करेंगे।भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय अंतर्गत बुनकर सेवा केंद्र के उपनिदेशक मनोज कुमार ने बताया कि इस एक्सपो में 40 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें 20 स्टॉल बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, मणिपुर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और हरियाणा जैसे राज्यों के बुनकरों के होंगे। एक्सपो प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक खुला रहेगा।

यहां महिलाओं के लिए कॉटन और सिल्क की साड़ियां, दुपट्टे, स्टोल सहित अन्य वस्त्र और पुरुषों के लिए ड्रेस मटेरियल उपलब्ध रहेगा। सभी उत्पाद बुनकरों द्वारा सीधे ग्राहकों को बेचे जाएंगे, जिससे उनकी कीमत बाजार से कम होगी।हैंडलूम एक्सपो में आने वाले ग्राहकों को बुनाई और छपाई की प्रक्रिया को लाइव देखने का भी अवसर मिलेगा। पत्रकार वार्ता में बुनकर सेवा केंद्र के मनोज कुमार, तकनीकी अधीक्षक पूरणमल सैनी और डिजाइनर शशांक अभिनव मौजूद थे।

Leave a comment