करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत।

Share This News

धनबाद के मनियाडीह थाना क्षेत्र स्थित जीतपुर में करंट लगने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 39 वर्षीय टेकलाल मंडल के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे की वजह बताया है।

जानकारी के अनुसार घर के बाहर 220 वोल्ट का एलटी तार नीचे गिरा हुआ था। बुधवार को टेकलाल मंडल जैसे ही घर से बाहर निकले, वह तार की चपेट में आ गए। करंट लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े और छटपटाने लगे। आसपास मौजूद लोग और परिजन उन्हें बचाने के लिए दौड़े। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह उन्हें तार से अलग किया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

मृतक के भाई गोखुल मंडल ने बताया कि तार काफी देर से नीचे गिरा हुआ था। सुबह घर से बाहर निकलते ही टेकलाल उसकी चपेट में आ गए। उन्होंने कहा कि अगर बिजली विभाग समय पर ध्यान देता तो यह हादसा नहीं होता। परिजनों ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद परिजन बॉडी ले कर धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल पोस्टमार्टम करने पहुंचे। बताया जा रहा है कि मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Leave a comment