धनबाद। धनबाद रेलवे स्टेशन के समीप हिल कॉलोनी स्थित मजार शरीफ में कमेटी गठन को लेकर विवाद गहरा गया है। गुरुवार देर शाम वाजिद खान द्वारा मजार शरीिफ परिसर के एक बंद कमरे का ताला तोड़कर नया ताला लगाए जाने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। लंबे समय से मजार का कारभार संभाल रहे लोगों ने इसका विरोध किया और कार्रवाई को गलत बताया।
विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि मजार समिति के कमेटी गठन का मामला रांची हाई कोर्ट, कल्याण बोर्ड और वक्फ बोर्ड में लंबित है। ऐसे में संबंधित संस्थाओं के निर्णय के बाद ही नई कमेटी का गठन किया जाना चाहिए।
निसार खान ने बताया कि कमेटी गठन को लेकर मामला लंबे समय से न्यायालय और कल्याण बोर्ड में चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंद कमरे में कमेटी गठन करने का प्रयास किया जा रहा था। इस दौरान कल्याण बोर्ड के सदस्य भी मौके पर पहुंचे थे, लेकिन उन्होंने अनुमति नहीं दी। इसके बावजूद गुरुवार को वाजिद खान पुलिस के साथ पहुंचे और ताला तोड़कर नया ताला लगा दिया गया।
मजार शरीफ के खादिम मोहम्मद निजामुद्दीन ने बताया कि वे करीब नौ वर्षों से यहां रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि चाबी देने से इनकार करने के बाद ताला तोड़ दिया गया। वहीं स्थानीय अब्दुल कादिर ने कहा कि स्थानीय लोग पिछले पांच महीनों से मजार की देखरेख कर रहे हैं और वे पुरानी कमेटी को भंग कर नई कमेटी गठन की मांग कर रहे हैं।