धनबाद :नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित विशेष दिव्यांग बच्चों के विद्यालय पहला कदम में 2 अप्रैल गुरुवार को वर्ल्ड ऑटिज्म अवेयरनेस डे के अवसर पर पर्पल निरवाना कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत जगजीवन नगर स्थित स्कूल परिसर में हुई, जहां बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बच्चों द्वारा आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।रचनात्मक गतिविधियों के अंतर्गत हैंड प्रिंट का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने रंगों के माध्यम से अपनी भावनाओं को दीवारों पर उकेरा। साथ ही मॉडल प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें बच्चों ने हॉस्पिटल, पोस्ट ऑफिस, जनरल स्टोर दुकान ,एवं नर्सरी के सुंदर मॉडल बनाकर अपनी समझ और कौशल का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर एक भव्य जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें छात्र, शिक्षक एवं अभिभावकों ने भाग लिया। रैली के माध्यम से लोगों को ऑटिज़्म के प्रति जागरूक किया गया और समाज में सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ऑटिज़्म कोई बीमारी नहीं, बल्कि एक विशेष स्थिति है, जिसे समझने और स्वीकार करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता फैलाने और विशेष बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
स्कूल की सचिव अनीता अग्रवाल ने कहा हमारा उद्देश्य इन विशेष बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाना है। पर्पल निरवाना जैसे आयोजन बच्चों के अंदर आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और अभिभावकों को भी सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित करते हैं।इस अवसर पर स्कूल के सुपरवाइजर कौशल अग्रवाल भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्लाइडेला थाना प्रभारी का विशेष योगदान उनके द्वारा नई उड़ान कैफे में बच्चों को स्वादिष्ट व्यंजन खिलाकर एक विशेष खुशी का अनुभव करवाया जो की यह एक विशेष तरह के नई उड़ान कैफे है, यह दिव्यांग जनों द्वारा संचालित एक सराहनीय पहला है, जो आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत करता है।
आयोजकों ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे ऐसे आयोजनों में भाग लेकर विशेष बच्चों का हौसला बढ़ाएं और समाज में उनके प्रति संवेदनशीलता विकसित करें।कुल मिलाकर, पर्पल निरवाना कार्यक्रम ने न केवल बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया, बल्कि समाज को एक सकारात्मक और जागरूक संदेश भी दिया।
कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट