उत्तर प्रदेश में Pradhan Mantri Awas Yojana Urban (PMAY-Urban 2.0) के अंतर्गत मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने वन क्लिक के जरिए लखीमपुर जिले के 5100 पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में एक-एक लाख रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की। खाते में रकम पहुंचते ही लाभार्थियों में खुशी की लहर दौड़ गई। अब कच्चे घरों की जगह पक्के मकान का सपना जल्द साकार होने की उम्मीद बढ़ गई है।
प्रशासन की ओर से एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने जानकारी दी कि आवास निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप ही कराया जाएगा। प्रत्येक मकान का क्षेत्रफल न्यूनतम 30 वर्गमीटर और अधिकतम 45 वर्गमीटर तय किया गया है। निर्माण केवल भूतल पर ही मान्य होगा, ऊपरी मंजिल बनाने की अनुमति नहीं होगी। यदि कोई नियमों का उल्लंघन करता है तो दी गई राशि की वसूली की जाएगी।
निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए भी सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सभी लाभार्थियों को मकान की छत आरसीसी (कंक्रीट) से बनवानी अनिवार्य होगी, ताकि घर मजबूत और सुरक्षित रहे। संबंधित विभाग की टीमें समय-समय पर निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह योजना पूरी तरह निःशुल्क है। यदि कोई व्यक्ति योजना के नाम पर धन की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत अधिकारियों को दें।