CGL परीक्षा में चयनित 1927 अभ्यर्थियों को आज मोरहाबादी मैदान में मुख्यमंत्री सौंपेंगे नियुक्ति पत्र

Share This News

रांची (RANCHI):
झारखंड सामान्य स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (CGL)–2023 में सफल घोषित किए गए 1927 अभ्यर्थियों को मंगलवार को मोरहाबादी मैदान में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और नववर्ष से पहले राज्य के युवाओं को सरकारी सेवा में प्रवेश की बड़ी सौगात देंगे।

कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर मंच और बैठने की व्यवस्था तक पर विशेष ध्यान दिया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को तय समय पर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।

सोमवार को राज्य के पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा, जेएसएससी के अध्यक्ष सह वित्त सचिव प्रशांत कुमार और रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने मोरहाबादी मैदान पहुंचकर नियुक्ति पत्र वितरण समारोह की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गौरतलब है कि झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा सीजीएल परीक्षा के माध्यम से कुल 1927 अभ्यर्थियों को सफल घोषित कर विभिन्न विभागों में नियुक्ति की अनुशंसा की गई है। इनमें 847 सहायक सचिवालय पदाधिकारी, 288 कनीय सचिवालय सहायक, 170 श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, 4 प्लानिंग असिस्टेंट, 191 प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, 249 प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और 178 अंचल निरीक्षक शामिल हैं।

चयनित अभ्यर्थियों की सूची पहले ही जेएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जा चुकी है। नियुक्ति पत्र वितरण के बाद राज्य के कई सरकारी विभागों में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया पूरी होगी, जिससे प्रशासनिक कार्यों में भी मजबूती आएगी।

Leave a comment