निरसा (NIRSA): नव वर्ष के अवसर पर डीवीसी के तकनीकी सदस्य एस. पांडा और कार्यपालक निदेशक दिनेश सिंह ने डीवीसी फ्लावर गार्डन, मिलेनियम पार्क और डैम लाइटिंग परियोजनाओं का भव्य उद्घाटन किया। उद्घाटन से पहले मैथन याच क्लब में दोनों मुख्य अतिथियों का स्वागत शानदार तरीके से किया गया। इसके बाद फीता काटकर फ्लावर गार्डन, मिलेनियम पार्क और डैम लाइटिंग का औपचारिक लोकार्पण किया गया।
इस वर्ष फ्लावर गार्डन में सेलेसिया, साल्विया, विभिन्न प्रजातियों के गुलाब, सफेद गेंदा और डेज़ी चंद्रमल्लिका जैसे रंग-बिरंगे फूल लगाए गए हैं, जो मैथन क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य में चार चांद लगा रहे हैं।
मिलेनियम पार्क को विशेष रूप से पर्यटकों और बच्चों के लिए विकसित किया गया है। पार्क में कई जंगली जानवरों के पुतले लगाए गए हैं, जो बच्चों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बन गए हैं। वहीं, डैम लाइटिंग परियोजना के तहत बांध क्षेत्र को आधुनिक प्रकाश तकनीक से सजाया गया है, जिससे रात में बांध की भव्यता और भी निखरकर सामने आती है।
जानकारी के अनुसार, मैथन और पंचेत डैम की लाइटिंग पर कुल 3 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जिसमें स्पिलवे और डैम हेरिटेज लाइट दोनों शामिल हैं। विशेष रूप से मैथन डैम के स्पिलवे हिस्से की लाइटिंग परियोजना पर 65 लाख रुपये का खर्च आया है।