मैथन डैम में नहाने के दौरान 15 साल के छात्र की डूबकर मौत

Share This News

निरसा (NIRSA): निरसा इलाके के मैथन डैम में नहाने के दौरान हुए हादसे में 15 वर्षीय किशोर की डूबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान आदित्य पासवान के रूप में की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, आदित्य अपने कोचिंग सेंटर के अन्य छात्रों के साथ मैथन डैम के स्पोर्ट्स जोन में भ्रमण पर गया था। पिकनिक के दौरान वह स्नान करने के लिए पानी में उतरा, इसी दौरान वह अनजाने में गहराई वाले हिस्से में पहुंच गया और डूबने लगा।

घटना के तुरंत बाद साथ मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालकर इलाज के लिए मैथन स्थित डीवीसी के बी.पी. नियोगी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को अस्पताल परिसर में सुरक्षित रखा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही मैथन थाना की पुलिस और परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

बताया जाता है कि आदित्य पासवान धनबाद के मेमको मोड़ स्थित एक निजी स्कूल परिसर में संचालित कोचिंग संस्थान का छात्र था और कोचिंग प्रबंधन की ओर से ही पिकनिक का आयोजन किया गया था।

Leave a comment