रांची: डीजीपी पद पर नया चेहरा तय होने की कवायद तेज, प्रशांत सिंह का नाम सबसे आगे
राँची(RANCHI): राज्य के पुलिस महकमे में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। डीजीपी अनुराग गुप्ता के अचानक दिए गए इस्तीफे के बाद सरकार नए पुलिस प्रमुख की नियुक्ति को लेकर लगातार विचार-विमर्श कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, देर शाम तक हुई बैठकों में प्रशांत सिंह के नाम पर सत्ता के शीर्ष स्तर पर लगभग सहमति बन गई है। माना जा रहा है कि बहुत जल्द नया आदेश जारी किया जा सकता है और गुप्ता का इस्तीफा भी औपचारिक रूप से मंज़ूर होगा।
अनुराग गुप्ता के पद छोड़ने के बाद से ही सरकार के सामने तीन नाम प्रमुख रूप से थे—
- अनिल पाल्टा
- प्रशांत सिंह
- एमएस भाटिया
सूत्र बताते हैं कि इन तीनों में प्रशांत सिंह को सरकार की पहली पसंद माना गया है। 1992 बैच के यह वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वर्तमान में पुलिस मुख्यालय में डीजी के पद पर तैनात हैं और अपने शांत स्वभाव एवं प्रशासनिक सक्षमता के कारण काफी विश्वसनीय अधिकारी माने जाते हैं।
गृह विभाग के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि औपचारिक प्रक्रिया पूरी होते ही राज्य को नया डीजीपी मिल जाएगा, जिसकी घोषणा कभी भी की जा सकती है।