पहले चरण की 121 सीटों पर दोपहर 1 बजे तक कुल 42.30 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इसी बीच भोजपुर जिले के अगिआंव विधानसभा क्षेत्र में एक अलग ही स्थिति देखने को मिली। कुसुम्ही उत्क्रमित मध्य विद्यालय के बूथ संख्या 175 पर ग्रामीण मतदान करने नहीं पहुंचे और इस केंद्र पर घंटों बाद भी सिर्फ तीन वोट पड़े।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके क्षेत्र में सड़क निर्माण की मांग वर्षों से अधूरी पड़ी है। चुनाव दर चुनाव आश्वासन तो मिला, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं हुआ। इसी निराशा और रोष के कारण ग्रामीणों ने इस बार मतदान प्रक्रिया से खुद को अलग रखने का फैसला किया और सामूहिक रूप से वोट न डालने का निर्णय लिया।
मामले की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी गांव में पहुंचे और मतदाताओं से बातचीत कर उन्हें मनाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों को पहले पूरा किए जाने पर ही अडिग रहे।