धनबाद(DHANBAD): कार्तिक पूर्णिमा के दिन दामोदर नदी में स्नान करने गए युवकों के एक समूह के साथ बड़ा हादसा हो गया। नदी के तेज बहाव में फंसकर नौ युवक अचानक गहरे पानी में चले गए। स्थानीय लोगों की त्वरित मदद से तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक युवक का शव देर शाम बरामद किया गया। शेष पाँच युवकों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है और उनकी तलाश युद्धस्तर पर जारी है।
यह घटना महुदा थाना क्षेत्र के तेलमच्चो घाट पर उस समय हुई जब भीमकनाली और भूली इलाके के कुछ दोस्त अलग-अलग समूहों में नदी में स्नान करने पहुंचे थे। स्नान के दौरान तेज धारा ने अचानक उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने स्थिति को समझते हुए नदी में छलांग लगाई और तीन युवकों को बचा लिया, मगर बाकी युवक पानी में गहराई तक समा गए।
प्रशासन व जनप्रतिनिधि मौके पर पहुँचे
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ गिरजानंद किस्कू और स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुँच गया और बचाव अभियान शुरू कराया। सांसद ढुल्लू महतो ने भी स्थल पर पहुँचकर परिजनों से मुलाकात की और प्रशासन को तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सांसद ने बुधवार को ही डीसी से एनडीआरएफ की टीम बुलाने की मांग की थी, जिसके बाद गुरुवार को राहत एवं बचाव दल घटनास्थल पर पहुँचा और तलाशी अभियान शुरू किया।
कौन-कौन अब भी लापता?
भीमकनाली के सुमित और सन्नी का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। इसी तरह भूली के चार दोस्तों में से विजय यादव का शव मिल चुका है, लेकिन अनीश, रोहित और रोहन की खोज जारी है।
स्थानीय लोगों में रोष
स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्तिक पूर्णिमा पर हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दामोदर नदी में स्नान करने आते हैं, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए थी। सांसद ढुल्लू महतो ने भी सुरक्षा इंतज़ामों की कमी पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि प्रशासन और सरकार की लापरवाही के कारण ऐसी घटनाएँ बार-बार घट रही हैं।