धनबाद स्टेशन के साउथ साइड में रेल अधिकारियों और युवा संघर्ष मोर्चा के सदस्यों ने किया पौधरोपण

Share This News

धनबाद.धनबाद मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तेरहवें दिन धनबाद मंडल के धनबाद रेलवे स्टेशन के दक्षिणी छोर पर रेलवे प्रशासन एवं युवा संघर्ष मोर्चा, धनबाद के द्वारा संयुक्त रूप से एक भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत स्टेशन परिसर के दक्षिणी भाग को हरा-भरा बनाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से दर्जनों फलदार, छायादार और औषधीय पौधे लगाए गए। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों और संस्था के पदाधिकारियों द्वारा सामूहिक रूप से पहला पौधा लगाकर की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों को पर्यावरण को शुद्ध रखने और भविष्य में इन पौधों की देखरेख करने का संकल्प भी दिलाया गया। मौके पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ रहे प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग से निपटने का एकमात्र उपाय अधिक से अधिक पेड़ लगाना है। धनबाद जैसे औद्योगिक और कोयलांचल क्षेत्र में पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए इस तरह के प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। रेलवे स्टेशन के दक्षिणी छोर को सुंदर और स्वच्छ बनाने के इस साझा प्रयास की यात्रियों और स्थानीय लोगों ने भी काफी सराहना की। धनबाद रेल मंडल ने विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के मौके पर बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान शुरू किया है। धनबाद रेल मंडल 15 मई से ही पर्यावरण संरक्षण अभियान चला रहा है, जिसका समापन 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस पर मेगा प्लांटेशन कार्यक्रम के साथ होगा। इस दौरान रेलवे ने पांच हजार पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है। साथ ही धनबाद को प्लास्टिक मुक्त बनाने का भी संकल्प लिया गया है। पर्यावरण एवं गृह व्यवस्था प्रबंधन के अधिकारी उदय कुमार का कहना है कि लगातार पेड़ों की कटाई से जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग का खतरा बढ़ रहा है। आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध हवा, साफ पानी और सुरक्षित पर्यावरण देने के लिए पौधरोपण बेहद जरूरी है। युवा संघर्ष मोर्चा के केंद्रीय संयोजक दिलीप सिंह ने रेलवे के इस प्रयास की सराहना करते हुए लोगों से ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने और प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने के अभियान में भागीदारी की अपील की है।
मौक़े पर रेलवे की ओर से मंडल पर्यावरण एवं गृह व्यवस्था प्रबंधक उदय कुमार, वरीय अनुभाग अभियंता रोहित कुमार, स्वाथ्यय निरीक्षक विक्की राज, युवा संघर्ष मोर्चा के केंद्रीय संयोजक दिलीप सिंह, मोर्चा के अन्य प्रमुख सदस्य, स्थानीय रेल कर्मी और प्रबुद्ध नागरिक मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Leave a comment