धनबाद :नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित विशेष दिव्यांग स्कूल पहला कदम में बुधवार को भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत नेशनल ट्रस्ट फंड के तहत अलीमको रांची द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए एक व्हीलचेयर एवं बच्चों के उम्र के अनुसार हर उम्र के बच्चों के लिए एक- एक पीस परीक्षण और प्रशिक्षण हेतु आवश्यक टीएलएम किटों का वितरण किया गया। वितरण कार्यक्रम अलीमको रांची के प्रतिनिधि नीतीश कुमार द्वारा किया गया।
इस अवसर पर स्कूल की सचिव अनीता अग्रवाल, सुपरवाइजर कौशल अग्रवाल, शिक्षकगण, अभिभावक एवं अन्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों की शैक्षणिक सहायता, परीक्षण एवं प्रशिक्षण की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक व्हीलचेयर तथा विभिन्न प्रकार की टीएलएम किट उपलब्ध कराई गईं, जिससे बच्चों के सीखने, अभ्यास और विकास में सहायता मिल सके।
स्कूल की सचिव अनीता अग्रवाल ने कहा दिव्यांग बच्चों को शिक्षा और आवश्यक संसाधनों से जोड़ना हमारी प्राथमिकता है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनने में सहायता करते हैं। हम इस पहल के लिए भारत सरकार एवं अलीमको का धन्यवाद करते हैं।”
वहीं अलीमको रांची के प्रतिनिधि नीतीश कुमार ने कहा सरकार की योजनाओं का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके जीवन को बेहतर बनाना है। भविष्य में भी जरूरतमंद लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य जारी रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना की और इसे दिव्यांग बच्चों के लिए उपयोगी बताया। कार्यक्रम का समापन लाभार्थियों को शुभकामनाएं देने के साथ हुआ।