Breaking News

अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठाने वाले रंजीत सिंह ने जताया जान का खतरा,करी सुरक्षा की मांग

Share This News

धनबाद। जिले में अवैध खनन और प्रदूषण के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे ग्रामीण एकता मंच के केंद्रीय अध्यक्ष रंजीत सिंह उर्फ बबलू सिंह ने अपनी हत्या की साजिश रचे जाने की आशंका जताई है। इस संबंध में उन्होंने डीजीपी, उपायुक्त तथा धनबाद एसएसपी को लिखित आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की है। रंजीत सिंह ने बताया कि अवैध माइनिंग,आउटसोर्सिंग कंपनियों की मनमानी और बढ़ते प्रदूषण के खिलाफ उन्होंने झारखंड हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर की है, जिसकी सुनवाई जारी है। न्यायालय के सख्त रुख के बाद अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी वजह से खनन माफिया और आउटसोर्सिंग कंपनियों से जुड़े लोग उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि उन पर कभी भी हमला किया जा सकता है या झूठे मुकदमे में फंसाया जा सकता है। रंजीत सिंह ने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच कर सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि अब तक वे पांच जनहित याचिकाएं दायर कर चुके हैं, जिनमें पेड़ कटाई, अवैध खनन, कोयला चोरी,कांटा घर पर रंगदारी और प्रदूषण जैसे मामलों में कड़े आदेश पारित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर आवाज उठाने के कारण उनकी जान को खतरा उत्पन्न हो गया है। अब देखना है कि जिला प्रशासन उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराता है या उन्हें अपनी सुरक्षा के लिए पुनः न्यायालय की शरण लेनी पड़ेगी।

Leave a comment