जामुड़िया (पश्चिम बंगाल): आसनसोल के जामुड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत जामबाद इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने शिक्षक-छात्र संबंधों की गरिमा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर अभिभावकों में गहरी चिंता और भय का माहौल बन गया है।
वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक कमरे में पांच से छह छोटे बच्चे ट्यूशन पढ़ने के लिए बैठे हैं। उसी दौरान पड़सिया इलाके का रहने वाला नीरज बर्णवाल नामक व्यक्ति बच्चों को पढ़ा रहा होता है। बताया जा रहा है कि नीरज ट्यूशन पढ़ाने के साथ-साथ किराये पर वाहन चलाने का भी काम करता है। इसके अतिरिक्त वह खुद को कई संगठनों से जुड़ा हुआ बताता है और अलग-अलग संस्थाओं में पदाधिकारी होने का दावा करता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार नीरज अक्सर इन संगठनों से जुड़े होने का हवाला देकर इलाके में अपनी पकड़ दिखाने की कोशिश करता था और लोगों को डराने-धमकाने का भी आरोप उस पर लगाया जाता रहा है। इलाके में वह पहले से ही अपने आक्रामक व्यवहार को लेकर बदनाम बताया जा रहा है।
वीडियो में दिखता है कि नीरज सात वर्षीय छात्र चंदन माझी से कुछ सवाल पूछता है। जब बच्चा उत्तर नहीं दे पाता, तो वह पहले उसके गाल पर जोरदार थप्पड़ मारता है। इसके बाद भी गुस्सा शांत न होने पर वह बच्चे के पेट और पीठ पर लगातार मुक्के बरसाता है और फिर उसे उठाकर जमीन पर पटक देता है। इस अमानवीय दृश्य को देखकर हर कोई स्तब्ध है।
इस घटना के बाद ट्यूशन पढ़ने वाले अन्य बच्चों में भी डर और दहशत का माहौल है और वे वहां जाने से सहमे हुए हैं। पीड़ित बच्चे चंदन के परिजनों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी आरोपी शिक्षक द्वारा चंदन और अन्य बच्चों के साथ मारपीट की जा चुकी है।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद चंदन के परिजनों ने जामुड़िया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नीरज बर्णवाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।