ठंड का प्रकोप: उत्तर भारत समेत कई राज्यों में लुढ़का पारा, कोहरे की चादर

Share This News

DESK: पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी का प्रभाव अब देश के मैदानी हिस्सों में भी साफ तौर पर महसूस किया जाने लगा है। आने वाले करीब एक सप्ताह तक उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों सहित कई राज्यों में ठंड और घने कोहरे की स्थिति और गंभीर होने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कुछ राज्यों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल उत्तर भारत के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जबकि दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 27 दिसंबर तक क्षेत्र में प्रवेश कर सकता है। इन मौसमी प्रणालियों के असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी जारी रहने की संभावना है, जिससे ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों की ओर बढ़ेंगी।

IMD के अनुसार उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 29 दिसंबर तक, उत्तराखंड में 28 दिसंबर तक और मध्य प्रदेश में 25 दिसंबर तक सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। बिहार में भी 25 दिसंबर तक कुछ क्षेत्रों में कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है, जो 26 से 28 दिसंबर के बीच और अधिक फैल सकती है।

इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में 28 दिसंबर तक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और झारखंड में 25 दिसंबर तक तथा राजस्थान और छत्तीसगढ़ में 24 दिसंबर तक कोहरे का प्रभाव रहने की संभावना जताई गई है। पूर्वोत्तर भारत में भी 26 दिसंबर तक कोहरा छाने की आशंका है।

वर्तमान में पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के कई हिस्सों में सर्द दिन और बेहद सर्द दिन जैसी परिस्थितियां बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने बिहार के लिए 28 दिसंबर तक शीतलहर की चेतावनी जारी की है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जब दिन में धूप नहीं निकलती और तापमान सामान्य से काफी नीचे बना रहता है, तब ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है, जिसका असर विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ सकता है।

Leave a comment