धनबाद (DHANBAD): जनसत्ता श्रमिक संघ (JSS) के बैनर तले धनबाद इंटीग्रेटेड एमएसडब्ल्यू लिमिटेड (DIMSWL) और नगर निगम से जुड़े करीब 550 सफाईकर्मी अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर डटे हुए हैं। यह आंदोलन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। धरना-प्रदर्शन डिग्वाडीह क्षेत्र स्थित एनएच-19 रोड पर हीरापुर DIMSWL कैंपस के समीप किया जा रहा है।
धरने के पीछे की वजह
सफाईकर्मियों का कहना है कि उनकी लंबे समय से लंबित मांगों और अधिकारों को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई, जिसके कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। संघ के नेतृत्व में कर्मी अपने हक और सम्मान की मांग को लेकर एकजुट होकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
आंदोलन को तेज करने की तैयारी
संघ ने ऐलान किया है कि आंदोलन को और व्यापक रूप देने के उद्देश्य से 26 दिसंबर 2025 को सभी सफाईकर्मी ध्वनि विस्तारक यंत्रों के साथ धरना स्थल से रणधीर वर्मा चौक तक पदयात्रा निकालेंगे। इस दौरान नगर निगम धनबाद के मुख्य कार्यालय के समक्ष सभा का आयोजन भी किया जाएगा।
कानूनी मोर्चे पर कदम
सफाईकर्मियों की मांगों से संबंधित ज्ञापन को लेकर संघ की ओर से कंपनी के महाप्रबंधक और नगर आयुक्त के खिलाफ श्रम न्यायालय में शिकायत दर्ज कराई गई है। न्यायालय ने मामले को सुनवाई के लिए स्वीकार कर लिया है।
संघ का स्पष्ट संदेश
धरना स्थल पर मौजूद संघ पदाधिकारियों ने साफ कहा कि जब तक सफाई मजदूरों को उनका वैधानिक हक और अधिकार नहीं मिल जाते, तब तक यह आंदोलन किसी भी सूरत में समाप्त नहीं किया जाएगा।