धनबाद : ऑल इंडिया रिटायर्ड रेलवे मेन्स फेडरेशन (AIRRF) ने आज राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन के तहत धनबाद स्थित मंडल रेल प्रबंधक (DRM) कार्यालय पर जोरदार धरना दिया। पूरे देश में एक साथ हुए इस प्रदर्शन में फेडरेशन ने रेलवे बोर्ड और सरकार के समक्ष पेंशनर्स की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए सात-सूत्रीय मांग पत्र प्रस्तुत किया।
AIRRF के मंडल अध्यक्ष अखिलेश कुमार गुप्ता ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया तो यह आंदोलन और उग्र रूप लेगा। उन्होंने बताया कि सबसे महत्वपूर्ण मांग आठवें वेतन आयोग का तत्काल गठन करना और उसके अध्यक्ष व सदस्यों को अधिसूचित करना है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए रेलवे कंसेशन टिकट (रियायत) को तुरंत बहाल किया जाए, जिसे कोरोना काल में बंद कर दिया गया था। यह सुविधा 1999 से पेंशनर्स को मिल रही थी। 18 महीने से लंबित महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) के बकाया का भुगतान शीघ्र सुनिश्चित किया जाए। पेंशन बेचने (कम्यूटेशन) के बाद राशि की पूर्ण वापसी की अवधि को 15 वर्ष से घटाकर 12 वर्ष किया जाए। वैलिटेडशन एक्ट द्वारा पेंशन नियमों में किए गए सभी बदलावों को वापस लिया जाए। रेलवे अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जाए। साथ ही, ‘ई-उम्मीद’ कार्ड जारी करने के लिए देशभर में कैम्प लगाकर यह सुविधा सभी पेंशनर्स और कर्मचारियों को शीघ्र उपलब्ध कराई जाए