हर हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा धनबाद कोयलांचल, शिवालयों में उमड़ी भक्तों की भीड़

Share This News

धनबाद,– महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर धनबाद कोयलांचल भक्ति और श्रद्धा से सराबोर है। हर हर महादेव के गगनभेदी जयकारों से पूरा शहर गूंज रहा है। अहले सुबह से ही शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

शहर के भूइंफोड़ मंदिर, श्री 1008 बाबा भूतनाथ शिव मंदिर (मटकुरिया), बाबुड़ीह, चिरागोरा और हीरापुर के शिवालयों में भक्तगण भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना कर रहे हैं। श्रद्धालु कतारों में खड़े होकर गंगाजल, दूध और बेलपत्र अर्पित कर भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।

धनबाद के प्रमुख मंदिरों को विद्युत सज्जा और रंग-बिरंगे फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। छोटे-बड़े सभी शिवालयों में विशेष पूजन-अर्चन की व्यवस्था की गई है।महाशिवरात्रि पर धनबाद में भगवान शिव की भव्य बारात निकाली जाएगी।

इस बारात में देव-मुनियों की झांकियां, भूत-बेताल और विभिन्न आकर्षक झांकियां लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होंगी।शहर की मुख्य शिव बारात मटकुरिया स्थित श्री 1008 बाबा भूतनाथ शिव मंदिर से निकलेगी, जिसमें आम जनता से लेकर गणमान्य लोग शामिल होंगे। इसके अलावा, बाबुड़ीह, चिरागोरा और हीरापुर से भी शिव बारात का आयोजन किया जाएगा।

श्रद्धालु बोले कि महाशिवरात्रि भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का उत्सव है। इस दिन शिव की बारात में शामिल होकर हम खुद को धन्य महसूस करते हैं।महाशिवरात्रि की इस पावन बेला पर धनबाद शिवमय हो गया है। भक्तों की आस्था और भक्ति के बीच शहर में धार्मिक उल्लास और आध्यात्मिक माहौल देखने को मिल रहा है।

Leave a comment