धनबाद, 26 फरवरी 2025 – बाघमारा के लोकप्रिय विधायक शत्रुघ्न महतो ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की। विधानसभा से लौटते ही वे गोविंदपुर क्षेत्र के महेशपुर कोलियरी पहुंचे, जहां उन्होंने स्वर्गीय बीसीसीएल कर्मी कन्हाई बाउरी के सुपुत्र को अस्थायी नियोजन पत्र सौंपा।
खरखरी बाउरी टोला निवासी बीसीसीएल कर्मी कन्हाई बाउरी का हाल ही में आकस्मिक निधन हो गया था। नियमानुसार आश्रित परिवार को अनुकंपा नियुक्ति मिलनी चाहिए थी, लेकिन बीसीसीएल के जीएम व वरिष्ठ अधिकारी इस मामले में आनाकानी कर रहे थे।परिजनों और स्थानीय लोगों की गुहार पर विधायक शत्रुघ्न महतो स्वयं मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से तत्काल नियुक्ति देने की मांग की। अंततः विधायक के दबाव के आगे बीसीसीएल प्रबंधन को झुकना पड़ा, और मृतक के सुपुत्र को अस्थायी नियोजन पत्र सौंपा गया।
इसके अलावा, मृतक कर्मी के दाह संस्कार के लिए बीसीसीएल की ओर से आर्थिक सहायता राशि भी प्रदान की गई। इस मौके पर मजदूर नेता गोरचंद बाउरी, गोपाल बाउरी, बंटी बाउरी और संयुक्त मोर्चा के अन्य पदाधिकारीगण मौजूद रहे। विधायक शत्रुघ्न महतो की इस त्वरित पहल से मृतक के परिवार को बड़ी राहत मिली है। उपस्थित लोगों ने विधायक जी का तहे दिल से आभार व्यक्त किया और उनकी जनसेवा की सराहना की।बाघमारा क्षेत्र में विधायक शत्रुघ्न महतो की छवि एक संघर्षशील और संवेदनशील नेता की बन चुकी है, जो हमेशा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहते हैं।