धनबाद, 25 फरवरी 2025 – उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में मॉडर्न पेंटाथलॉन में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले धनबाद के तीन खिलाड़ियों – अनु कुमार, तनु कुमारी और प्रेम कुमार महतो को आज उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सुश्री माधवी मिश्रा द्वारा सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सम्मान समारोह के दौरान उपायुक्त माधवी मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन खिलाड़ियों की सभी आवश्यक जरूरतों को पूरा करने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन और सुविधाएँ उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकें।
इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा, खिलाड़ियों के प्रशिक्षक जयराम भगत, तरुण मुखिया, शिवा कुमार महतो, डीएससी रिंकू गुप्ता, कोच नमिता टुडू और खिलाड़ियों के माता-पिता भी उपस्थित थे।इससे पहले जिला खेल पदाधिकारी श्री उमेश लोहरा ने अपने कार्यालय में खिलाड़ियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्री पीयूष सिन्हा ने भी खिलाड़ियों से मुलाकात की, उनकी उपलब्धियों की सराहना की और आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। यह सम्मान समारोह धनबाद जिले के खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और उपलब्धियों को दर्शाता है। जिला प्रशासन की ओर से यह भरोसा दिया गया कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव मदद दी जाएगी।