धनबाद, 17 फरवरी: धनबाद पुलिस ने डायल 112 की सेवाओं के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए रणधीर वर्मा चौक से एसएसएलएनटी कॉलेज तक एक जागरूकता रैली निकाली। इस अभियान का नेतृत्व सीसीआर डीएसपी सुमित कुमार ने किया, जिसमें आम नागरिकों और छात्राओं को डायल 112 की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई।
डीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि डायल 112 एक त्वरित आपातकालीन सेवा है, जो पुलिस, मेडिकल, अग्निशमन और अन्य आपात स्थितियों में सहायता प्रदान करती है। कोई भी व्यक्ति 112 पर कॉल कर सकता है या ‘डायल 112 इंडिया’ ऐप के माध्यम से मदद मांग सकता है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, धनबाद पुलिस की एक विशेष टीम 24×7 सक्रिय रहती है।
कंट्रोल रूम को सूचना मिलते ही संबंधित थाना या विभाग को तत्काल जानकारी दी जाती है, जिससे पीड़ित को शीघ्र सहायता मिल सके।डायल 112 पर कॉल करने के तुरंत बाद पुलिस को कॉलर की समस्या के साथ उसकी लोकेशन भी मिल जाती है, जिससे मदद जल्द से जल्द पहुंचाई जा सके।इस अभियान में छात्राओं और आम जनता को डायल 112 की उपयोगिता और सही उपयोग के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे इस सुविधा का सही उपयोग करें और अनावश्यक कॉल करने से बचें, ताकि जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल सके।