Breaking News

धनबाद की आराध्या पांडे ने राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक,उदय प्रताप सिंह ने दी बधाई

Share This News

धनबाद की प्रतिभाशाली ताइक्वांडो खिलाड़ी आराध्या पांडे ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर जिले और झारखंड का गौरव बढ़ाया है। द राइट ट्रैक ताइक्वांडो अकादमी, धनबाद की खिलाड़ी आराध्या ने डीएवी राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। प्रतियोगिता का आयोजन 24 से 26 अक्टूबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित शहीद विजय सिंह पाठक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया गया।
आराध्या की इस शानदार सफलता से धनबाद के खेल जगत में खुशी की लहर है। उनकी उपलब्धि को जिले के युवाओं और उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। आराध्या ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच विशाल कुमार पंडित, माता नीतू पांडे और पिता मुकेश पांडे को दिया। उन्होंने कहा कि मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और निरंतर अभ्यास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाई।
आराध्या की उपलब्धि पर श्रीराम सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा भारतीय ताइक्वांडो संघ के महासचिव प्रभात शर्मा, झारखंड ताइक्वांडो संघ के महासचिव संजय शर्मा, कोषाध्यक्ष लक्ष्मीकांत सिन्हा, सुमीर शर्मा, भारतीय ताइक्वांडो संघ के अश्विनी शर्मा, झारखंड ताइक्वांडो संघ के रेफरी चीफ अमर बावरी, विजय विश्वकर्मा, राष्ट्रीय रेफरी राहुल बावरी, रोनित सिंह, सुमित शर्मा तथा कोच भवानी कुमार चौहान ने भी आराध्या को बधाई दी।
सभी ने आराध्या की सफलता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि वह भविष्य में भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर धनबाद और झारखंड का नाम रोशन करेंगी।

कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट

Leave a comment