धनबाद में सीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं शुरू, 19,092 छात्र हुए शामिल,पहले दिन 10वीं की इंग्लिश और 12वीं की एंटरप्रेन्योरशिप की परीक्षा संपन्न

Share This News

धनबाद। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाएं शनिवार से शुरू हो गईं। परीक्षा के पहले दिन शहर के 20 परीक्षा केंद्रों पर छात्र-छात्राओं की भारी भीड़ देखी गई। सुबह 8 बजे से ही परीक्षार्थी अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे, जहां प्रवेश के दौरान उनकी जांच की गई।

शांतिपूर्ण माहौल में हुई परीक्षा की शुरुआतधनबाद जिले में 70 सीबीएसई-संबद्ध स्कूलों के 19,092 छात्र-छात्राएं इस वर्ष परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इनमें 10वीं के 11,371 और 12वीं के 7,721 विद्यार्थी हैं। पहले दिन 10वीं की इंग्लिश और 12वीं की एंटरप्रेन्योरशिप की परीक्षा हुई। परीक्षा 18 मार्च तक 10वीं और 4 अप्रैल तक 12वीं के लिए आयोजित की जाएगी।

सीबीएसई ने जारी किए सख्त दिशा-निर्देशसीबीएसई द्वारा सभी प्रधानाचार्यों को परीक्षा को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए एडवाइजरी जारी की गई थी। छात्रों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई थी, क्योंकि विलंब से आने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।

सरस्वती विद्या मंदिर भूली में जेनएक्स इंटरनेशनल स्कूल का परीक्षा केंद्र बनाया गया है।भूली के सरस्वती विद्या मंदिर परीक्षा केंद्र पर मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट लेकर पहुंचे छात्रों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिन विद्यार्थियों के साथ अभिभावक नहीं थे, उन्हें मोबाइल और अन्य सामान रखने के लिए 20 रुपये तक चुकाने पड़े। आसपास के दुकानदारों ने सामान जमा करने की व्यवस्था की और एक पर्ची देकर उसे सुरक्षित रखा।

सीबीएसई परीक्षाओं के पहले दिन शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा आयोजित हुई। परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई।

Leave a comment