बिनोद बिहारी चौक स्थित होटल काबेरी रेस्टोरेंट में हुई श्रद्धांजलि सभा, कोयलांचल विश्वविद्यालय में प्रतिमा स्थापित करने की उठी मांग
धनबाद: बिनोद बिहारी चौक स्थित होटल काबेरी रेस्टोरेंट में मंगलवार को पूर्व छात्र नेताओं की ओर से स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह की आठवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके सामाजिक एवं छात्र हित से जुड़े कार्यों को याद किया।
इस अवसर पर समाजसेवी एवं श्रीराम सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने कहा कि स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह ने छात्र राजनीति और समाजहित में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उनकी स्मृति को स्थायी रूप देने के लिए कोयलांचल विश्वविद्यालय में उनकी प्रतिमा स्थापित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में झारखंड के मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री एवं धनबाद उपायुक्त से मांग की गई है।
पूर्व छात्र नेता बिनोद कुमार सिंह ने स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छात्र हित के मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष और सक्रियता हमेशा याद की जाएगी। वक्ताओं ने कहा कि नई पीढ़ी को उनके विचारों और सामाजिक सरोकारों से प्रेरणा लेने की जरूरत है।
श्रद्धांजलि सभा में उदय प्रताप सिंह, बिनोद कुमार सिंह, हरे राम पंडित, मुकेश कुमार सिंह, मानवाधिकार फोरम के प्रदेश अध्यक्ष सुदिष्ट कुमार, संगीत सिंह, प्रेम कुमार भारती, टेकलाल महतो, भोला दास सहित कई पूर्व छात्र नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।